हार की आहट से सपा बसपा और कांग्रेस के नेताओं में बौखलाहट बढी – डा. दिनेश शर्मा
अपराध और अपराधियों को सरंक्षण देने वाले नहीं कर सकते हैं भाजपा के विकास और सुशासन का मुकाबला
विपक्ष को रास नहीं आ रही है अपराधियों के खिलाफ भाजपा सरकार द्वारा की गई कार्रवाई
सपा सरकार ने मकान देने के नाम पर जनता से किया था छल
मोदी-योगी सरकार के विकास कार्याे से हर घर में बने भाजपा समर्थक
मुस्लिम बहनंे कर रही है भाजपा के पक्ष में मतदान
लखनऊ 17 फरवरी 2022। उपमुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा ने आज गुरूवार को गोला एवं निघासन विधानसभा लखीमपुर तथा भिनगा विधानसभा जनपद श्रावस्ती में विशाल जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में जोरदार हवा बह रही है और उसे देखकर विपक्षी दलों की हवा निकल रही है। पहले और दूसरे चरण के मतदान के बाद करारी हार से सपा-बसपा और कांग्रेस के नेताओं में बौखलाहट बढ़ रही है और वे शब्दों का संयम खो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों को संरक्षण देकर जनता को त्रस्त करने वाले विकास और सुशासन देने वाली भाजपा की सरकार का मुकाबला नहीं कर सकते हैं। लखीमपुर खीरी एवं श्रावस्ती जिले में चुनावी सभाओं को सम्बोधित करते हुए डा शर्मा ने कहा कि अपराधियों को संरक्षण देने वालों को भाजपा सरकार द्वारा अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ की गई कार्रवाई रास नहीं आ रही है। आज मोदी-योगी सरकार के कार्यों ने हर घर में भाजपा के समर्थक पैदा कर दिए हैं। अल्पसंख्यक वर्ग के लोग और विशेषकर मुस्लिम महिलांए भाजपा के पक्ष में मतदान कर रही हैं और आगे भी ऐसा करने का मन बना चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पिछले पांच साल में पूरी तरह से बदल गया है। पहले राजनैतिक दल चुनाव लड़ते थे इस बार जनता ही भाजपा की ओर से चुनाव लड़ रही है। इस बार भाजपा जीत का पिछला रिकार्ड भी तोड़ देगी और विपक्ष मिलकर भी तीन अंकों का आंकडा नहीं छू पाएगा। डा शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सपा बसपा जनता के बीच में जातिवाद और सम्प्रदायवाद का जहर घोलकर उन्हें बांटना चाहते हैं।
भाजपा की पांच साल की सरकार में कोई दंगा नहीं हुआ है। शान्ति के साथ होली मनायी गई तो ईद भी मनाई गई है। इसके पहले विपक्षी दलों ने हिन्दू और मुसलमान को लड़ाया था। दोनों के बीच में गहरी खाई पैदा कर दी थी। इस बार विपक्ष ने हिन्दू और मुसलमान के बीच में दूरियां पैदा करने के लिए हैदराबाद से बी टीम बुलाई है जो मोदी योगी को गाली देकर बंटवारे की राजनीति को हवा देना चाहते हैं। अब अराजक तत्वों का बहिष्कार हो रहा है। सरकार ने तो ऐसे आपराधिक तत्वों की अवैध कब्जे वाली जमीनों पर बुल्डोजर चलवा दिया है। आज अब उन पर गरीबों के लिए मकान बनवाए जा रहे हैं। आज प्रदेश में ऐसा शासन है जिसके चलते अब माफिया उत्तर प्रदेश छोड़ रहे हैं।
उनका कहना था कि समाजवादी पार्टी ने जनता के साथ छल प्रपच का खेल करने में कोई कोर कसर नहीं रखी है। 2012 में सत्ता में आने के लिए मकान देने की लालीपाप दिखाकर 27 लाख फार्म भरवाए थे पर सत्ता में आने के बाद 2700 लोगों को भी मकान नहीं दिया। इसके विपरीत भाजपा ने साफ मन से 43 लाख मकान दिए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने किसी के साथ भी भेदभाव नहीं किया है। हर वर्ग के पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुचा है क्योंकि भाजपा सरकार ने सबका साथ सबका विकास के मंत्र के आधार पर काम किया है। हर समुदाय के साथ बराबरी का व्यवहार हुआ है पर तुष्टीकरण किसी का नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि पिछ्ली सपा सरकार में तो 700 दंगे हुए और हाल यह था कि उत्तर प्रदेश कर्फ्यू प्रदेश बन गया था। लोग सुरक्षा के लिए तमंचा आदि लगाकर चलने लगे थे। सूबे में अवैध तमंचों के कारखाने पकडे़ जाते थे पर अब प्रदेश में ऐसी स्थिति नहीं है। यूपी में आज डिफेन्स कारीडोर बन रहा है और उस कारीडोर में मिसाइल और राईफल बनेंगी। प्रदेश में आईटी पार्क , आईटी सिटी बनने के साथ ही जेवर में एशिया का सबसे बडा एयरपोर्ट बन रहा है। पहले प्रदेश में मात्र चार मेडिकल कालेज हुआ करते थे पर अब प्रदेश में 33 मेडिकल कालेज हो गए हैं और 10 मार्च के बाद भाजपा की सरकार में हर जिले में एक मेडिकल कालेज होगा।
पिछली सरकारों ने तो उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को ध्वस्त करके रख दिया था। नकल तो उद्योग ही बन गया था। भाजपा की सरकार ने नकल पर लगाम लगाकर प्रदेश को नकलविहीन परीक्षा का मॉडल बना दिया। युवाओं को रोजगार पिछली सरकारों में सपना ही रहता था पर भाजपा की सरकार ने साढे चार लाख युवाओं को बिना किसी भेदभाव के नौकरी दी है। करीब तीन लाख की संविदा पर भर्ती की है और करोड़ो नए रोजगार के अवसर पैदा किए हैं। सत्ता में आने पर हर घर के एक सदस्य के लिए रोजगार के अवसर को उपलब्ध कराया जाएगा। मेधावी छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। प्रदेश में किसानों को सिंचाई के लिए फ्री बिजली दी जाएगी।