अखिलेश यादव ने आज गांधी आश्रम, हजरतगंज लखनऊ स्थित गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और चर्खे पर सूत काता। उन्होंने श्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण किया।
श्री अखिलेश यादव ने इस अवसर पर कहा कि आज जब हम बापू को याद कर रहे हैं, तो हम उनके रास्ते पर चले। उन्होंने सेवा का रास्ता दिखाया। इच्छाशक्ति हो तो कुछ भी पाया जा सकता है। बापू ने कहा था जब तक हम खादी-ग्रामोद्योग को बढ़ावा नहीं देंगे, तब तक देश आत्मनिर्भर नहीं बन सकता है।
गांधी जी ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व किया। उन्होंने समाज के सभी वर्गों को आंदोलन के साथ रचनात्मक कार्यक्रमों से भी जोड़ा था।
अखिलेश यादव ने कहा कि गांधी जी ने सत्य अहिंसा, सेवा-त्याग और समर्पण भावना को देशवासियों के लिए आवश्यक बताया था। राजनीति सेवा के लिए है केवल सत्ताभोग के लिए नही। उनको अपनाते हुए भ्रष्टाचार मुक्त देश बनाएं।
अखिलेश यादव ने कहा कि गांधी जी की प्रेरणा से खादी आश्रम स्थापित हुए। उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा खादी की उपेक्षा पर दुःख जताया और कहा कि खादी वस्त्रों पर अधिक से अधिक छूट मिलनी चाहिए। इस छूट से आम लोग भी खादी पहन सकते हैं। आदर्श व्यवस्था का गांधी जी का विचार चरितार्थ हो। उन्होंने कहा समाजवादी सरकार ने खादी पर अधिक छूट दी थी।
श्री यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में 4जी सेवा में सुविधा के लिए वाईफाई मुफ्त थी। आज जिन कम्पनियों ने 5जी लांच किया है उसका मुनाफा किसको मिलेगा? क्या आज ग्राहकों को भी फ्री वाईफाई की सुविधा उपलब्ध होगी? उन्होंने कहा कि वर्तमान टेक्नोलॉजी और खादी के बीच तालमेल स्थापित किया जाना उचित होगा।
इस अवसर पर गांधी आश्रम के प्रमुख श्री रामेश्वर नाथ मिश्र, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजेन्द्र चौधरी सहित सर्वश्री पवहारी तिवारी, अनुराग मिश्र, अरमान खां विधायक, डॉ0 रमेश दीक्षित, अतहर हुसैन, महेन्द्र यादव, असीम यादव, रामवृक्ष यादव, विकास यादव, सुशील दीक्षित, मुकेश शुक्ल, मनीष सिंह, नवीन धवन बंटी, देवेन्द्र सिंह यादव जीतू, प्रदीप शर्मा, प्रो0 संदीप सिंह सन्नी, मुन्ना अंचल, विवेक कुमार तथा गांधी आश्रम के कर्मचारी आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय है।