Sliderराजनीति

बिलावल की गीदड़भभकी पर मिथुन का ब्रह्मोस वाला जवाब, खोपड़ी सनकी तो…

Mithun's Brahmos reply to Bilawal's threats, if the skull is crazy then...

Breaking Today, Digital Desk : पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी द्वारा सिंधु जल संधि को लेकर दी गई धमकियों पर अनुभवी अभिनेता और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता मिथुन चक्रवर्ती ने जोरदार पलटवार किया है। भुट्टो ने हाल ही में एक बयान में कहा था कि सिंधु नदी के पानी को पाकिस्तान से दूर ले जाना देश के इतिहास, संस्कृति और सभ्यता पर हमला होगा। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मिथुन ने अपने चिर-परिचित अंदाज में करारा जवाब दिया।

कोलकाता में पत्रकारों से बात करते हुए मिथुन चक्रवर्ती ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “अगर ऐसी बातें करते रहेंगे और हमारी खोपड़ी सनक गई तो फिर एक के बाद एक ब्रह्मोस चलेगा।” उन्होंने आगे व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए कहा, “हमने एक बांध बनाने के बारे में भी सोचा है, जहां 140 करोड़ लोग पेशाब करेंगे। उसके बाद, हम उस बांध को खोल देंगे और सुनामी आ जाएगी।”

हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट किया कि उनकी यह टिप्पणी विशेष रूप से बिलावल भुट्टो के लिए थी, न कि पाकिस्तान की आम जनता के लिए। मिथुन ने कहा, “मुझे पाकिस्तान के लोगों से कोई शिकायत नहीं है। मैंने यह सब उनके (बिलावल भुट्टो) लिए कहा है।”

यह विवाद उस समय गहराया जब बिलावल भुट्टो ने भारत पर “बर्बरता” का आरोप लगाया और कहा कि पानी के सवाल पर भारत ने पाकिस्तान पर “हमला” किया है। उन्होंने यहां तक कह डाला कि हर पाकिस्तानी जंग के लिए तैयार है। भुट्टो ने यह भी दावा किया था कि सिंधु पर किसी भी भारतीय परियोजना का मतलब पाकिस्तान की जल सुरक्षा के लिए सीधा खतरा है।

गौरतलब है कि भारत ने अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया है कि यह समझौता अब कभी बहाल नहीं होगा। इस पूरी बयानबाजी से पहले पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर द्वारा भी परमाणु युद्ध की धमकी दी गई थी, जिस पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा था कि वह किसी भी तरह के “परमाणु ब्लैकमेल” के आगे नहीं झुकेगा।

Related Articles

Back to top button