
Breaking Today, Digital Desk : पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी ने हिरासत में गंभीर यातना और अमानवीय व्यवहार के आरोप लगाए हैं। उनके परिवार और वकीलों के अनुसार, उन्हें न केवल अलग-थलग रखा जा रहा है, बल्कि कीड़े-मकोड़ों से भरी कोठरियों में रहने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
बुशरा बीबी की जेल की दर्दनाक आपबीती
बुशरा बीबी के वकीलों और उनकी बहन मरियम रियाज वट्टू ने दावा किया है कि उन्हें बेहद खराब और असुरक्षित परिस्थितियों में रखा जा रहा है। आरोपों के अनुसार, उनकी कोठरी की छत टपकती है, बिजली के बोर्ड में खुला करंट है और वहां चूहे घूमते रहते हैं। यह भी आरोप लगाया गया है कि उन्हें जानबूझकर दूषित पानी और घटिया खाना दिया जा रहा है। कुछ दिनों पहले उन्हें एक जहरीले कीड़े ने काट लिया था, जिसके बाद वह एक हफ्ते तक बीमार रहीं।
बुशरा बीबी ने इस्लामाबाद उच्च न्यायालय में एक याचिका भी दायर की है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके कमरे और बाथरूम में खुफिया कैमरे लगाए गए हैं, जो उनकी निजता का घोर उल्लंघन है। उनकी बहन ने यह भी दावा किया है कि इन सब कारणों से बुशरा का वजन लगभग 15 किलोग्राम कम हो गया है और उन्हें अपने परिवार से मिलने की अनुमति के लिए भूख हड़ताल तक करनी पड़ी।
इमरान खान ने सेना प्रमुख पर लगाए आरोप
इमरान खान ने भी अपनी जेल की कोठरी में दिन में मक्खियों और रात में कीड़ों से परेशान होने की बात कही है। उन्होंने सीधे तौर पर पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर पर उन्हें और उनकी पत्नी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। इमरान खान के एक करीबी सहयोगी ने यह भी कहा है कि उन्हें 23 घंटे से अधिक समय तक एकांत कारावास में रखा जाता है और जानबूझकर उनकी कोठरी में कीड़े छोड़े जाते हैं।




