देश-विदेश

डेनवर में अमेरिकी विमान में आग, उड़ान भरने से पहले 179 यात्री सुरक्षित उतारे गए…

Fire breaks out in US plane in Denver, 179 passengers evacuated safely before takeoff

Breaking Today, Digital Desk : अमेरिका के डेनवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मियामी के लिए उड़ान भरने को तैयार एक विमान के पहियों में अचानक आग लग गई। विमान में 173 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे, जिन्हें आपातकालीन स्लाइड की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई।

यह घटना अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट AA3023 के साथ हुई, जो एक बोइंग 737 मैक्स 8 विमान था।  विमान रनवे पर उड़ान भरने की तैयारी में था, तभी उसके लैंडिंग गियर के एक टायर में आग की लपटें उठने लगीं। विमान के नीचे से धुआं उठता देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही हवाई अड्डे के आपातकालीन दल और डेनवर अग्निशमन विभाग तुरंत हरकत में आए। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को रोक दिया और सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को आपातकालीन निकास द्वार के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। अमेरिकन एयरलाइंस ने एक बयान जारी कर बताया कि उड़ान भरने से ठीक पहले विमान के लैंडिंग गियर के एक टायर में “रखरखाव संबंधी समस्या” आ गई थी।

एयरलाइन ने आगे कहा, “सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित रूप से विमान से उतर गए हैं और हमारी रखरखाव टीम द्वारा निरीक्षण के लिए विमान को सेवा से हटा दिया गया है।” अधिकारियों ने पुष्टि की है कि एक व्यक्ति को मामूली चोट आई है, लेकिन बाकी सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। इस घटना के कारण हवाई अड्डे पर कुछ देर के लिए परिचालन बाधित हुआ। फिलहाल, पहियों में आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button