Sliderअन्यउत्तर प्रदेशझकझकीदेश-विदेशवायरल न्यूज़वीडियो

चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे को मंत्रिपरिषद की मंज़ूरी, 939.67 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण

उत्तर प्रदेश सरकार ने बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास को गति देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे के निर्माण को स्वीकृति दे दी गई है। यह एक्सप्रेस-वे 15.172 किलोमीटर लंबा होगा और इसे 4 लेन चौड़ाई (6 लेन विस्तारणीय) के साथ ईपीसी मोड पर विकसित किया जाएगा। परियोजना की कुल लागत ₹939.67 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है, जिसे राज्य सरकार अपने संसाधनों से वहन करेगी। केंद्र सरकार की इस परियोजना में कोई भागीदारी नहीं होगी।

यह एक्सप्रेस-वे वाराणसी-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-35/76) के किलोमीटर 267 पर स्थित भरतकूप (जिला चित्रकूट) से शुरू होकर राष्ट्रीय राजमार्ग 135BG पर अहमदगंज (जिला चित्रकूट) में समाप्त होगा। एक्सप्रेस-वे के लिए 110 मीटर चौड़ा राइट ऑफ वे प्रस्तावित है। इसकी सभी संरचनाएं 6 लेन के विस्तार को ध्यान में रखते हुए बनाई जाएंगी, जबकि इसकी डिज़ाइन स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है।

इस परियोजना के अंतर्गत आधुनिक सुविधाओं से युक्त अवसंरचना का निर्माण किया जाएगा। एक्सप्रेस-वे पर 01 दीर्घ सेतु, 04 लघु सेतु, 01 फ्लाईओवर, 17 अंडरपास, 23 पुलियों का निर्माण प्रस्तावित है। यात्री सुविधाओं के लिए किलोमीटर 2 पर जनसुविधा परिसर और किलोमीटर 6 पर टोल प्लाजा एवं टोल बूथ बनाए जाएंगे। एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर आवश्यकता अनुसार सर्विस रोड भी बनाई जाएगी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से दोनों ओर वायर फेंसिंग और थ्राई बीम मेटल क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे।

परियोजना में एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ATMS) की स्थापना का भी प्रावधान किया गया है, जिससे यातायात संचालन और निगरानी और अधिक कुशल बन सकेगी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मीडियन एवं दोनों ओर एवेन्यू वृक्षारोपण और हर 500 मीटर पर रेनवॉटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था की जाएगी। यातायात सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निर्माण के बाद एक्सप्रेस-वे पर 24×7 एम्बुलेंस और क्रेन सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। निर्माण पूरा होने के बाद 5 वर्षों तक निर्माणकर्ता एजेंसी द्वारा अनुरक्षण किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पूर्व में बुंदेलखंड क्षेत्र को राज्य की राजधानी लखनऊ और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से जोड़ने के उद्देश्य से बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा किया है, जिस पर वर्तमान में यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। अब इस एक्सप्रेस-वे के प्रारंभिक बिंदु से चित्रकूट धाम तक चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे का निर्माण होने से न केवल चित्रकूट आने वाले पर्यटकों को सुगम और तीव्र यातायात की सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन और औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

यह परियोजना न केवल बुंदेलखंड के समावेशी विकास को सुनिश्चित करेगी, बल्कि यह चित्रकूट जैसे पवित्र तीर्थ स्थल को बेहतर सड़क संपर्क प्रदान कर राज्य में पर्यटन और रोजगार की संभावनाओं को भी सुदृढ़ करेगी। योगी सरकार के इस निर्णय को विकासपरक नीति का हिस्सा माना जा रहा है जो ‘नए उत्तर प्रदेश’ की दिशा में एक और ठोस कदम है।

Related Articles

Back to top button