अमेठी में रिश्तों का खून, जमीनी विवाद में देवर ने भाभी और भतीजे को उतारा मौत के घाट…
Bloodshed in relations in Amethi, brother-in-law kills sister-in-law and nephew in land dispute

Breaking Today, Digital Desk : उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां रिश्तों को तार-तार करते हुए एक शख्स ने अपनी ही भाभी और जवान भतीजे की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। यह पूरी वारदात मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के रुदौली पूरे भवन गांव की है। घटना के पीछे की वजह आपसी जमीनी विवाद बताई जा रही है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और आरोपी परिवार समेत मौके से फरार हो गया है।
यह खौफनाक घटना गुरुवार को उस वक्त घटी जब 55 वर्षीय रामावती अपने 20 वर्षीय बेटे आकाश के साथ खेत में काम कर रही थीं। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उनका सगा देवर वहां पहुंचा और पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आगबबूला देवर ने कुल्हाड़ी से अपनी भाभी और भतीजे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, दोनों मां-बेटे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर चुके थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों परिवारों के बीच खेत में कीटनाशक दवा डालने को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। आरोपी को शक था कि रामावती ने उसके खेत में कोई ऐसी दवा डाल दी है, जिससे उसकी फसल खराब हो गई है। इसी बात को लेकर पहले भी उनमें कहासुनी हो चुकी थी। गुरुवार को जब उसने भाभी और भतीजे को खेत में अकेले काम करते देखा, तो उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।






