
Breaking Today, Digital Desk : ब्राजील के रियो डी जनेरियो में एक टीवी रिपोर्टर के साथ लाइव प्रसारण से कुछ पल पहले हुई छीना-झपटी की घटना कैमरे में कैद हो गई. बैंड रियो चैनल की रिपोर्टर क्लारा नेरी जब लाइव रिपोर्टिंग के लिए तैयारी कर रही थीं, तभी मोटरसाइकिल पर सवार एक शख्स ने उनका फोन छीनने की कोशिश की.
यह पूरी घटना उस समय हुई जब नेरी रियो डी जनेरियो की सड़कों पर लाइव जाने वाली थीं. वीडियो में साफ तौर पर एक मोटरसाइकिल सवार को रिपोर्टर के पास से गुजरते हुए और उनके हाथ से फोन छीनने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है. लुटेरे ने उनका फोन छीन भी लिया था, लेकिन हड़बड़ी में उसके हाथ से फोन गिर गया.
इसके बाद लुटेरा मौके से फरार हो गया. गनीमत यह रही कि नेरी को उनका सेलफोन वापस मिल गया और उन्हें कोई चोट नहीं आई. घटना के बाद नेरी ने इंस्टाग्राम पर इस डरावने अनुभव को साझा करते हुए लिखा, “लाइव जाना एक वास्तविक डर था, लेकिन महत्वपूर्ण बात यह है कि सब कुछ ठीक हो गया!” उन्होंने अपने सहकर्मियों, सैन्य पुलिस और नागरिक पुलिस से मिले सहयोग के लिए उनका धन्यवाद भी किया.
नेरी ने संदिग्ध की पहचान करने में जनता से मदद की अपील की है. उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल की लाइसेंस प्लेट गत्ते के टुकड़े से ढकी हुई थी. पुलिस ने फुटेज का आकलन कर लिया है और आरोपी की तलाश कर रही है.
यह घटना रियो डी जनेरियो में बढ़ते फोन चोरी के मामलों को भी उजागर करती है. रियो डी जनेरियो लोक सुरक्षा संस्थान के आंकड़ों के अनुसार, जून 2025 में फोन चोरी की घटनाओं में पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 27 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. जून 2025 में 2,300 से अधिक फोन चोरी होने की सूचना मिली थी.




