ट्रेन में सामान तौलने की खबरों पर भड़के अखिलेश, कहा- गरीबों का बोझ न उठाने वाली सरकार पर धिक्कार…
Akhilesh got angry on the news of weighing luggage in train, said- "Shame on the government which does not bear the burden of the poor

Breaking Today, Digital Desk : भारतीय रेलवे द्वारा ट्रेनों में सीमा से अधिक सामान ले जाने पर जुर्माना लगाने की खबरों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। इन दावों पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे गरीबों के खिलाफ एक साजिश बताया है। हालांकि रेलवे ने इन खबरों को महज अफवाह करार दिया है, लेकिन इस मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है।
अखिलेश यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यात्रियों के सामान को तौलने के नाम पर भ्रष्टाचार का एक और अध्याय शुरू किया जा रहा है। उन्होंने इस कदम को सीधे तौर पर आम आदमी और गरीबों पर बोझ डालने वाला बताया। सोशल मीडिया पर अपनी राय जाहिर करते हुए उन्होंने लिखा, “ये फ़ैसला ग़रीबों के ख़िलाफ़ है, जो AC-1 में जा रहा है, उसे क्या फ़र्क़ पड़ता है। उस ग़रीब से पूछो जो साल में एक-दो बार घर-गांव जाता है और वहां से अपने साथ दाल-चावल-राशन बांधकर लाता है।”
कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि क्या सरकार अब गरीब किसानों और मजदूरों की थाली से खाना भी छीन लेना चाहती है। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि राजस्व बढ़ाना ही है तो सरकार को एसी-1 और एसी-2 जैसी उच्च श्रेणियों में यात्रा करने वालों से अतिरिक्त शुल्क वसूलना चाहिए, न कि जनरल, स्लीपर या एसी-3 में सफर करने वाली आम जनता से।
सपा प्रमुख ने बीजेपी सरकार पर रेलवे को खोखला करने का भी गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “भाजपा के भ्रष्टाचार ने रेलवे को खोखला कर दिया है।” उन्होंने यह भी तंज कसा कि अगर रेलवे का खजाना खाली हो गया है तो सरकार को अपने सांसदों और विधायकों को मिलने वाली मुफ्त पास की सुविधा को खत्म कर देना चाहिए। अखिलेश यादव ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर यह “शर्मनाक निर्णय” वापस नहीं लिया गया तो जनता बीजेपी की वापसी का टिकट समय से पहले ही काट देगी। उन्होंने “डबल इंजन” सरकार की आलोचना करते हुए कहा, “जो गरीबों का बोझ न उठा सके ऐसे डबल इंजन पर धिक्कार है।”
यह पूरा विवाद उन मीडिया रिपोर्ट्स के बाद शुरू हुआ जिनमें दावा किया गया था कि रेलवे अपने लगेज नियमों को सख्ती से लागू करने की तैयारी में है और लिमिट से ज्यादा सामान मिलने पर यात्रियों से जुर्माना वसूला जाएगा। फिलहाल, रेलवे ने ऐसे किसी भी नए नियम के लागू होने की खबरों का खंडन किया है।






