लखनऊ में भगवा वस्त्र पहन नॉनवेज खाने पर युवक की पिटाई, घटना CCTV में कैद…
A youth was beaten up in Lucknow for wearing saffron clothes and eating non-veg food; the incident was captured on CCTV

Breaking Today, Digital Desk : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां भगवा रंग की लुंगी पहने एक युवक को नॉनवेज खाने पर कुछ लोगों ने पीट दिया। यह पूरी घटना ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह मामला लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र स्थित एक ढाबे का है। जानकारी के अनुसार, दिनेश शर्मा नाम का एक युवक भगवा रंग की लुंगी पहनकर ढाबे पर नॉनवेज खा रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद नरेंद्र सिंह नामक व्यक्ति ने भगवा वस्त्र में नॉनवेज खाने पर आपत्ति जताई।
देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही गाली-गलौज में तब्दील हो गई। विवाद बढ़ता देख सुभाष कनौजिया नाम का एक और शख्स बीच में आ गया और उसने दिनेश के साथ हाथापाई शुरू कर दी। मारपीट की यह पूरी घटना ढाबे के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
विवाद को बढ़ता देख ढाबे के मालिक सिराजुद्दीन ने पुलिस को फोन पर सूचना दी। खबर मिलते ही गोसाईगंज पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सुभाष के खिलाफ शांति भंग का मामला दर्ज किया है, जबकि नरेंद्र और दिनेश का भी चालान काटा गया है।






