Sliderदेश-विदेश

नशेड़ी चोर की अनोखी दास्तां, चोरी के बाद लगाई नींद, सुबह उठा तो सामने थी पुलिस…

A unique story of a drunk thief, he slept after stealing, when he woke up in the morning the police was in front of him

Breaking Today, Digital Desk : उत्तर प्रदेश के कानपुर में चोरी की एक ऐसी अनोखी घटना सामने आई है, जिसे सुनकर आप हंसे बिना नहीं रह पाएंगे। यहां एक चोर चोरी करने के इरादे से एक घर में घुसा, लेकिन नशे में इतना धुत था कि वारदात को अंजाम देने के बाद वहीं बिस्तर पर आराम से सो गया। अगली सुबह जब घर के लोगों की नींद खुली तो उन्होंने एक अजनबी को अपने ही घर में सोते हुए पाया, जिसके बाद उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

यह घटना कानपुर के नजीराबाद थाना क्षेत्र की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अरुण कुमार नाम का एक व्यक्ति नशे की हालत में देर रात दो भाइयों, विनोद और अनिल कुमार, के घरों में एक के बाद एक चोरी करने घुसा। उसने पहले विनोद के घर का ताला तोड़ा और अलमारी से नकदी और गहने चुराए। इसके बाद वह बगल में ही रहने वाले उसके भाई अनिल के घर में भी दाखिल हुआ और वहां भी चोरी की।

लगातार दो घरों में चोरी करने के बाद शायद चोर काफी थक गया था और ऊपर से नशे में भी चूर था। ऐसे में उसकी नजर अनिल के कमरे में रखे नरम गद्दे पर पड़ गई और वह खुद को रोक नहीं पाया। चोर ने चोरी का सारा सामान अपनी जेब में भरा और वहीं बिस्तर पर गहरी नींद में सो गया।

सुबह जब अनिल कुमार, जो कि एक ई-रिक्शा चालक हैं, की नींद खुली तो उन्होंने अपने कमरे में किसी अनजान शख्स को सोते हुए देखकर चौंक गए। उन्होंने तुरंत अपने भाई और पड़ोसियों को इकट्ठा किया और चोर को जगाया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से चोरी के गहने और नकदी बरामद हुई। इसके बाद लोगों ने चोर की जमकर धुनाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

यह अजीबोगरीब चोरी की घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग कह रहे हैं कि “चोरी करने गया था और नींद में खुद को ही पकड़वा बैठा।

Related Articles

Back to top button