उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मिली रफ्तार, CM योगी ने बताया 2026 तक 10% राष्ट्रीय हिस्सेदारी का लक्ष्य

लखनऊ | उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था अब सिर्फ आँकड़ों में नहीं, बल्कि ज़मीन पर भी बदलाव दिखा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में राज्य की आर्थिक, विकासात्मक और राजस्व संबंधी स्थितियों की व्यापक समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) वित्त वर्ष 2024-25 में 29.6 लाख करोड़ रुपये तक पहुँचने का अनुमान है। यह वर्ष 2020-21 की तुलना में करीब 80% की वृद्धि को दर्शाता है। इतना ही नहीं, राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 8.4% से बढ़कर 8.9% हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा, “यह परिवर्तन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत की परिकल्पना के अनुरूप है। अब हमें 2026 तक राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में 10% हिस्सेदारी प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए।” बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार राज्य में औद्योगिक और बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जबकि कृषि आधारित अर्थव्यवस्था का योगदान तुलनात्मक रूप से धीमा रहा है।मुख्यमंत्री ने ‘Make in UP’ मॉडल को आगामी वर्षों की औद्योगिक नीति का आधार बताते हुए कहा कि ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में नई औद्योगिक इकाइयाँ स्थापित करने पर ज़ोर दिया जाएगा।






