
Breaking Today, Digital Desk : बिहार की राजनीति में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं और बयानों के तीर भी खूब चल रहे हैं. शुक्रवार शाम भागलपुर में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि यह नीतीश कुमार का आखिरी चुनाव है और इसके बाद वे फिर कभी मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे. तेजस्वी ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा, “यह आप लोग लिखकर रख लीजिए, इस बार नीतीश चाचा का अंतिम चुनाव है. उनका हिसाब बीजेपी आने वाले समय में करने वाली है.”
भागलपुर के घंटाघर चौक पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ मंच साझा करते हुए तेजस्वी यादव ने मौजूदा सरकार को “पलटू सरकार” और “नकलची सरकार” की संज्ञा दी. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने 17 महीनों में 5 लाख नौकरियां दीं, लेकिन सरकार बदलते ही युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि एनडीए सरकार उनकी योजनाओं की नकल कर रही है.
वोटर अधिकार यात्रा के दौरान तेजस्वी यादव ने बेरोजगारी, पेपर लीक, और शिक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा. उन्होंने जनता से वादा किया कि अगर उनकी सरकार बनी तो वे ‘माई बहन मान योजना’ के तहत महिलाओं के खाते में हर महीने ₹2500 डालेंगे. जोशीले भाषण के दौरान उन्होंने लोगों से पूछा कि उन्हें ओरिजिनल मुख्यमंत्री चाहिए या डुप्लीकेट.
यह यात्रा बिहार के 20 जिलों से होकर गुजरेगी और 1 सितंबर को पटना में एक बड़ी रैली के साथ समाप्त होगी. तेजस्वी के इस बयान ने बिहार की सियासत में एक नई बहस छेड़ दी है, और अब देखना यह होगा कि आने वाले चुनाव में जनता किस पर अपना भरोसा जताती है.






