Sliderउत्तर प्रदेश

देश की सर्वाधिक आबादी वाले राज्य द्वारा देश के किसी भी राज्य के बजट की तुलना में सबसे बड़ा बजट: योगी आदित्यनाथ

युपी में योगी सरकार द्वारा बजट पेश होने के बाद  सीएम ने मीडिया को सम्बोधित करते हुए  ने कहा कि आज का दिन अत्यन्त महत्वपूर्ण है। आज देश की सर्वाधिक आबादी वाले राज्य द्वारा देश के किसी भी राज्य के बजट की तुलना में सबसे बड़ा बजट विधान सभा में प्रस्तुत किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में हमारी सरकार का यह 9वां बजट है विगत 08 वर्षां में प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश के विकास के लिए जो भी कदम उठाये हैं, उसके अच्छे परिणाम हमें देखने को मिले हैं। मुख्यमंत्री  आज यहां विधान सभा में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा उत्तर प्रदेश का वर्ष 2025-26 का बजट प्रस्तुत किये जाने के उपरान्त तिलक हॉल में आयोजित प्रेसवार्ता को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश की आशा और आकांक्षाओं के अनुरूप बजट प्रस्तुत करने के लिए वित्त मंत्री, अपर मुख्य सचिव वित्त तथा उनकी पूरी टीम को बधाई दी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह वर्ष हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। देश के संविधान के लागू होने का यह अमृत महोत्सव वर्ष है। 75 वर्षां की इस शानदार यात्रा के साथ ही आगामी 25 वर्षां की कार्ययोजना की दृष्टि से यह बजट अत्यन्त महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने 75 वर्षां की इस यात्रा के लिए संविधान के शिल्पी  डॉ0 भीमराव आम्बेडकर  को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार लखनऊ में भारतरत्न डॉ0 बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केन्द्र’ का निर्माण करा रही है। यह केन्द्र बहुत शीघ्र बाबा साहेब के विचारों का केन्द्र बनेगा तथा संविधान की मूल भावना के अनुरूप वंचितों को वरीयता देने के कार्य को भी आगे बढ़ाएगा। इसी थीम पर वर्ष 2025-26 का बजट भी प्रस्तुत किया गया है। यह उत्तर प्रदेश की स्थापना का भी अमृत महोत्सव वर्ष है। यह दोनों कार्य जनवरी, 1950 में हुए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पिछले 08 वर्षां में एक निश्चित थीम के साथ बजट प्रस्तुत किया गया है। वर्ष 2017-18 का बजट अन्नदाता किसानों को समर्पित था। अन्नदाता किसानों के हितों के लिए उस समय डबल इंजन सरकार ने किसानों की ऋणमाफी, उनकी फसल क्रय करने के लिए प्रोक्योरमेण्ट सेण्टर बनाये जाने, एम0एस0पी0 का लाभ उन तक पहुंचाने, चीनी मिलों के पुनरोद्धार कार्य तथा वर्षां से लम्बित गन्ना मूल्य का समयबद्ध भुगतान किये जाने, किसानों को अच्छी किस्म के बीज और सिंचाई की बेहतरीन सुविधा उपलब्ध कराने जैसे अनेक कार्य किये। आज इनका परिणाम है कि उत्तर प्रदेश के किसानों की आमदनी को दोगुने से अधिक करने में मदद मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2018-19 का बजट उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य की स्थिति से उबारने के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर तथा औद्योगिक विकास के लिए समर्पित था। देश के एक्सप्रेस-वे में उत्तर प्रदेश की भागीदारी बहुत कम थी। गंगा एक्सप्रेस-वे के पूर्ण होने के साथ ही यह भागीदारी 55 प्रतिशत से अधिक हो जाएगी। औद्योगिक विकास की दृष्टि से उत्तर प्रदेश की पहली इन्वेस्टर्स समिट वर्ष 2018 में सम्पन्न की गयी थी। वर्ष 2019-20 का बजट महिला सशक्तिकरण को समर्पित था, जिसमें प्रदेश की मातृ शक्ति के उन्नयन के लिए अनेक योजनाएं चलायी गयीं। इनमें मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना तथा मिशन शक्ति के माध्यम से महिला सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन को प्राथमिकता देने वाले कार्य आगे बढ़ाए गए। इसके साथ उत्तर प्रदेश पुलिस बल में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत पद अनिवार्य करने के कार्यक्रम को प्राथमिकता देते हुए महिला सशक्तिकरण के लिए कदम उठाये गये।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि वर्ष 2020-21 का बजट प्रदेश के युवाओं के विकास तथा उनके लिए अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए समर्पित किया गया था। इनमें 02 करोड़ युवाओं को टैबलेट/स्मार्टफोन वितरण के माध्यम से उन्हें तकनीकी दृष्टि से सक्षम बनाने जैसे अनेक कार्यक्रम शामिल हैं। वर्ष 2021-22 का बजट ‘स्वावलम्बन से सशक्तिकरण’ की थीम पर केन्द्रित था। एम0एस0एम0ई0 के क्षेत्र में प्रदेश के परम्परागत उत्पादों को बढ़ावा देने, स्वावलम्बन के माध्यम से आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त करने तथा इसके माध्यम से सशक्तिकरण के लक्ष्य को आगे बढ़ाने का कार्य किया गया। मुख्यमंत्री  ने कहा कि वर्ष 2022-23 का बजट ‘अन्त्योदय से आत्मनिर्भरता’ की दिशा में प्रस्तुत किया गया बजट था। प्रदेश की लगभग 70 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्र में निवास करती है। इस बजट में पहली बार पंचायतों की आत्मनिर्भरता के लिए ग्राम सचिवालय के निर्माण के कार्यां को आगे बढ़ाया गया। जिसका परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में 05 से 07 रोजगार सृजन की सम्भावनाएं आगे बढ़ी हैं। वर्ष 2023-24 का बजट प्रदेश के ‘त्वरित, सर्वसमावेशी और समग्र विकास के साथ-साथ आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की नींव को सुदृढ़ करने वाला’ बजट था।मुख्यमंत्री  ने कहा कि वर्ष 2024-25 का बजट रामराज्य की अवधारणा से लोकमंगल की कामना को समर्पित बजट था। यह बजट उत्तर प्रदेश में टूरिज्म, ट्रेड व टेक्नोलॉजी में एक नया उछाल लाने वाला बजट था। पहली बार प्रदेश में 65 करोड़ से अधिक पर्यटक आये, जिनमें से 14 लाख से अधिक विदेशी पर्यटक शामिल हैं। पर्यटन की दृष्टि से उत्तर प्रदेश देश में तीसरे स्थान पर था। वर्ष 2019 के बाद से इसने गति पकड़ी और आज यह प्रथम स्थान पर आने में सफल हुआ है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2025-26 का यह बजट भारत की सनातन संस्कृति को समर्पित सर्वे भवन्तु सुखिनः की अवधारणा पर गरीब, अन्नदाता किसान, युवा व महिलाओं के उत्थान को समर्पित है। इसमें वंचित को वरीयता दिये जाने के प्रधानमंत्री जी के विजन को प्राथमिकता दी गयी है। वंचित को वरीयता इस बजट का केन्द्रीय भाव है।
वर्ष 2025-26 के बजट का आकार 08 लाख 08 हजार 736 करोड़ रुपये से अधिक का है। यह वर्ष 2024-25 के बजट की तुलना में 9.8 प्रतिशत से अधिक है। प्रदेश के बजट के आकार में यह बढ़ोत्तरी राज्य के सामर्थ्य को प्रदर्शित करती है। यह बजट डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। बजट में कुल व्यय में 02 लाख 25 हजार 561 करोड़ 49 लाख रुपये कैपिटल एक्सपेंडिचर प्रस्तावित है। इसके माध्यम से अवसंरचना पर धनराशि व्यय होगी, जिससे रोजगार का सृजन होगा। यह अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करता है।  वर्ष 2017-18 में प्रदेश की जी0डी0पी0 12.89 लाख करोड़ रुपये थी, जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 27.51 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान है। इसमें 03 वर्ष का कालखण्ड वैश्विक महामारी कोरोना का त्रासदी का समय था। वर्ष 2016-17 में उत्तर प्रदेश देश की छठीं-सातवीं अर्थव्यवस्था था। आज उत्तर प्रदेश ने लम्बी छलांग लगायी है, जिसका परिणाम है कि यह देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। इसके लिए हमने रेवेन्यू लीकेज को समाप्त किया तथा तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग किया। राजस्व प्राप्ति के नये साधन सृजित किये गये। इन कदमों से स्वयं के कर राजस्व प्राप्तियों में वर्ष 2022-23, वर्ष 2023-24 तथा वर्ष 2024-25 के दौरान देश के सभी राज्यों में उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। प्रदेश में राजस्व प्राप्ति के लिए बढ़ाये गये कदमों की पूरे देश में सराहना हुई है।

Related Articles

Back to top button